Kanpur Murder Case: कार की छत पर युवक को लिटाकर डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा, पुरानी रंजिश में बर्बरता के बाद अस्पताल में तोड़ा दम

Kanpur Murder Case: कार की छत पर युवक को लिटाकर डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा, पुरानी रंजिश में बर्बरता के बाद अस्पताल में तोड़ा दम

उत्तर प्रदेश के औद्योगिक नगर कानपुर से मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर देने वाली और रोंगटे खड़े कर देने वाली दरिंदगी की वारदात सामने आई है। शहर के बर्रा थाना क्षेत्र के अर्रा निवासी 37 वर्षीय बीरू सिंह भदौरिया को पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने पहले तेज रफ्तार कार से जोरदार टक्कर मारी और फिर अमानवीयता की सारी हदें पार करते हुए उन्हें कार की छत पर उल्टा लिटा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके दोनों हाथों को कार की आगे की खिड़कियों के शीशों के बीच बेरहमी से फंसाकर शीशे ऊपर चढ़ा दिए और चीखते-कराहते युवक को करीब डेढ़ किलोमीटर तक तेज रफ्तार में घसीटते रहे। इस जघन्य कृत्य में गंभीर रूप से कुचले गए युवक ने हैलट अस्पताल में उपचार के दौरान तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

मृतक बीरू सिंह एक निजी खाद्य उत्पाद कंपनी में सेल्समैन का कार्य करते थे और परिवार में अपनी पत्नी रीना, दो मासूम बेटियों, एक बेटे और वृद्ध पिता राम शंकर सिंह के साथ रहते थे। परिजनों के अनुसार, बीरू मंगलवार शाम दशहरा मेला देखकर पैदल घर लौट रहे थे, तभी पूर्व से चल रहे विवाद के चलते घात लगाए बैठे विपक्षियों ने उन पर यह जानलेवा हमला किया। पिता ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व खाड़ेपुर नई बस्ती निवासी राजवीर और मेवालाल के साथ बीरू की मामूली कहासुनी हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए सुनियोजित षड्यंत्र के तहत यह बर्बर हमला किया गया। हमलावर डेढ़ किलोमीटर तक गाड़ी दौड़ाने के बाद राजेंद्र नगर में अश्वनी ट्रेडिंग कंपनी के पास मरणासन्न हालत में बीरू को सड़क पर फेंककर मौके से फरार हो गए।

सड़क किनारे लहूलुहान पड़े बीरू को एक परिचित राहगीर ने पहचानकर परिजनों और पुलिस को सूचित किया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें पहले एक निजी नर्सिंग होम और फिर कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर, पसलियों और अंदरूनी अंगों में आई गंभीर चोटों के चलते बुधवार दोपहर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और आक्रोशित रिश्तेदारों ने इसे सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल और रूट के सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वाहन की शिनाख्त कर ली गई है और आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें दबिश दे रही हैं।

Comments are closed.