आपकी आवाज़, आपकी खबर|
BREAKING NEWS
Ghaziabad Crime: पत्नी के जिम ट्रेनर ने घर में घुसकर पति पर चाकू से किया हमला, CCTV में कैद हुई वारदात; दोनों आरोपी गिरफ्तारDelhi Financial Assistance: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 51 नवविवाहित महिलाओं को दिए एक-एक लाख रुपये, करवा चौथ पर मिला खास तोहफाDelhi-Mumbai Expressway Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खड़ी बस में घुसी कार, पति-पत्नी और 12 साल की बेटी की मौत; दो बच्चे गंभीर घायलDelhi Robbery: लाहौरी गेट में दिनदहाड़े 2.30 करोड़ रुपये की लूट, पिस्टल दिखाकर कर्मचारियों को धमकाया; CCTV खंगाल रही पुलिसDelhi Lawyers Strike: ACP और SHO के तबादले के बाद वकीलों की हड़ताल खत्म, शिकायतों की जांच के लिए तय हुई समयसीमाHimanshu Bhau Gang: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गैंग के दो सदस्यों को किया गिरफ्तार, टारगेट किलिंग की साजिश का आरोपMayur Vihar Crime: मयूर विहार में झाड़ियों के बीच मिला 32 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
देश-विदेश

Uttarakhand School Shooting: उत्तराखंड में 9वीं के छात्र ने टीचर को गोली मारी, लंच बॉक्स में छिपाकर लाया तमंचा

पढ़ने के विकल्प

Uttarakhand School Shooting: उत्तराखंड में 9वीं के छात्र ने टीचर को गोली मारी, लंच बॉक्स में छिपाकर लाया तमंचा

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर से एक चौंकाने वाली और भयावह घटना सामने आई है। बुधवार सुबह एक निजी स्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र अपने लंच बॉक्स में तमंचा छिपाकर लाया और भौतिक विज्ञान के शिक्षक पर गोली चला दी। गोली शिक्षक के दाएं कंधे के नीचे लगी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत शिक्षक द्वारा छात्र को थप्पड़ मारने से हुई थी। नाराज छात्र अगले दिन अपने लंच बॉक्स में तमंचा लेकर स्कूल पहुंचा और क्लासरूम में ही शिक्षक पर हमला कर दिया। जैसे ही गोली चली, पूरे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। छात्र ने भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद शिक्षकों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने नाबालिग छात्र को हिरासत में ले लिया है और तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।

घटना काशीपुर की कुंडेश्वरी रोड स्थित एक निजी स्कूल में सुबह करीब 9:45 बजे हुई। भौतिक विज्ञान के शिक्षक गगनदीप सिंह कोहली कक्षा समाप्त कर बाहर निकल रहे थे, तभी छात्र ने पीछे से गोली चलाई। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

इस सनसनीखेज घटना के बाद जिले भर के शिक्षकों में भारी आक्रोश है। ऊधम सिंह नगर इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिएशन ने गुरुवार को जिले के सभी सीबीएसई और निजी मान्यता प्राप्त स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। एसोसिएशन ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर सरकार और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है। गुरुवार को शिक्षक काला दिवस मनाएंगे और काशीपुर रामलीला मैदान से एसडीएम कार्यालय तक मौन मार्च निकालकर ज्ञापन सौंपेंगे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिक्षक की तहरीर के आधार पर छात्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रशासन ने भी आश्वासन दिया है कि शिक्षकों और छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

गौरतलब है कि हाल ही में इसी तरह की घटना उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से भी सामने आई थी, जहां आपसी विवाद में 9वीं कक्षा के छात्र ने 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला कर दिया था। उस वारदात में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हुए थे।

काशीपुर की घटना ने शिक्षा व्यवस्था और स्कूल सुरक्षा पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति, पारिवारिक माहौल और अनुशासनहीनता इस तरह की घटनाओं का कारण बन रही है, जिसे रोकने के लिए तुरंत कड़े कदम उठाने की जरूरत है।

ये खबर शेयर करें

0 टिप्पणियाँ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *