Jaunpur Triple Murder: जौनपुर ट्रिपल मर्डर केस: पिता और दो बेटों की बेरहमी से हत्या, दुकान में मिली खून से लथपथ बॉडी
उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर की वारदात सामने आई है। जफराबाद थाना क्षेत्र के कचगांव अंडरपास के पास मोहम्मदपुर कांध गांव निवासी लालजी (62) अपनी दुकान व वेल्डिंग वर्कशॉप में अपने दोनों बेटों यादवीर (28) और गुड्डू (32) के साथ रात में रुके थे। रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने हथौड़े से सिर पर वार कर तीनों की बेरहमी से हत्या कर दी।
सुबह जब परिवार का एक सदस्य दुकान पर खाना लेकर पहुंचा तो दुकान के अंदर तीनों की खून से लथपथ बॉडी देखकर हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी चाबी से निकाल लिया था ताकि उनकी पहचान न हो सके।
पुलिस अधीक्षक डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि पुलिस ने 8 टीमों का गठन कर केस की तहकीकात शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुरानी दुश्मनी की भी संभावना सामने आई है, जिस पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। इलाके में फिलहाल पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
परिवार और ग्रामीण इस दर्दनाक घटना से सदमे और गुस्से में हैं। घटना के विरोध में परिजन ने नेवादा बाइपास पर चक्काजाम कर हंगामा भी किया।




0 टिप्पणियाँ