Agra Breaking: यमुना में नहाने गए युवक-युवतियों के साथ हादसा, चार की मौत से मचा कोहराम
Agra Breaking: यमुना में नहाने गए युवक-युवतियों के साथ हादसा, चार की मौत से मचा कोहराम
आगरा के बल्केश्वर घाट पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जहां यमुना नदी में नहाने गए युवक-युवतियों और एक किशोर के डूबने से चार लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है। घाट पर मौजूद लोगों ने जब सभी को डूबते देखा तो तुरंत शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस, राहत टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार सभी युवक-युवतियां गर्मी से राहत पाने के लिए यमुना में नहाने पहुंचे थे। अचानक गहरे पानी में चले जाने के कारण वे डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने कई लोगों को बचाने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद पांच लोगों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर थी। उन्हें तुरंत एसएन अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां तीन लोगों की मौत हो गई। बाद में नदी में लापता 11 वर्षीय किशोर विक्की का शव भी बरामद कर लिया गया।
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि मृतकों में कान्हा, महक, रिया और विक्की शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया था। लगभग दो घंटे तक गोताखोर नदी में तलाश करते रहे, जिसके बाद विक्की का शव बाहर निकाला जा सका।
घटना के बाद मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। विक्की के पिता राकेश ने बताया कि परिवार में जन्मदिन का कार्यक्रम था और बच्चे उसी समारोह में गए हुए थे। सुबह सभी बच्चे एक साथ यमुना में नहाने चले गए थे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि चार बेटियों के बाद बड़ी मन्नतों से बेटा हुआ था, लेकिन अब वह भी उन्हें छोड़कर चला गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यमुना घाट पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड नहीं होने के कारण हर साल ऐसे हादसे होते हैं। इस दर्दनाक घटना ने पूरे आगरा शहर को झकझोर कर रख दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं अस्पताल में घायल लोगों का इलाज जारी है।