Delhi Fire Tragedy: शाहदरा चप्पल मार्केट में समोसा रेहड़ी पर गैस सिलेंडर फटा, बाजार में मचा हड़कंप, स्कूटी राख, विक्रेता बुरी तरह झुलसा
दिल्ली के शाहदरा जिले स्थित कसाईवाड़ा चप्पल मार्केट में रविवार देर शाम एक भयानक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। एक समोसा विक्रेता अपनी रेहड़ी पर रोज़ की तरह काम कर रहा था, तभी उसकी रेहड़ी पर लगे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। चंद ही सेकंड में आग इतनी विकराल हो गई कि देखते ही देखते पूरी रेहड़ी जलकर राख हो गई और बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, पहले रेहड़ी से हल्का धुआं उठना शुरू हुआ, लेकिन अचानक सिलेंडर के तेज भभकने से 10–12 फीट ऊंची लपटें उठीं और पूरा क्षेत्र आग की चपेट में आ गया। लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। हादसे में समोसा विक्रेता गंभीर रूप से जल गया। शुरू में मौके पर मौजूद लोग डर के कारण सहायता के लिए आगे नहीं आए, लेकिन कुछ देर बाद एक युवक ने हिम्मत दिखाते हुए घायल को उठाया और उसे तुरंत हेडगेवार आरोग्य संस्थान अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
आग ने आसपास खड़ी एक स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया, जो पूरी तरह जलकर राख हो गई। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि चप्पल मार्केट में अवैध पार्किंग लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है। तंग गलियों के कारण बचाव कार्य में देरी हुई और स्थिति और अधिक भयावह हो सकती थी। दुकानदारों ने आशंका जताई कि यदि सिलेंडर पूरी तरह फट जाता, तो पूरी चप्पल मार्केट और आसपास के मकानों में भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था।
फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रण में लाई। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है और सुरक्षा मानकों को लेकर रेहड़ी संचालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से बाजार में पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे को रोका जा सके।





0 टिप्पणियाँ