Chhath Puja Delhi: दिल्ली में यमुना घाटों पर छठ पूजा की अनुमति, 17 मॉडल घाट और 200 सांस्कृतिक कार्यक्रम

0

Chhath Puja Delhi: दिल्ली में यमुना घाटों पर छठ पूजा की अनुमति, 17 मॉडल घाट और 200 सांस्कृतिक कार्यक्रम

नई दिल्ली। इस बार दिल्ली में छठ महापर्व पहले से कहीं अधिक भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ की तैयारियों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस बार यमुना नदी पर छठ पूजा करने पर पहले से लगे प्रतिबंध हटा दिए हैं और राजधानी में सुरक्षित, साफ-सुथरे और आधुनिक छठ घाट बनाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुना के किनारे 17 मॉडल घाट बनाए जा रहे हैं। इन घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए टेंट, बिजली, शौचालय, पेयजल और सफाई की पूरी व्यवस्था होगी। इसके अलावा दिल्ली के सभी जिलों और उपजिलों में कम से कम एक मॉडल घाट तैयार किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “पिछली सरकारों ने यमुना पर छठ पूजा पर रोक लगाई थी, लेकिन हमारी सरकार ने इस परंपरा को सम्मान देते हुए यह प्रतिबंध हटा दिया। इस बार सरकार खुद आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रही है और पूरे दिल्ली में छठ को भव्य तरीके से मनाया जाएगा।”

इस बार छठ पूजा स्थलों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। पिछले साल 929 जगहों पर छठ मनाई गई थी, जबकि इस बार अब तक 1,000 से अधिक समितियों से आवेदन आ चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए घाटों पर भी पूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इसके साथ ही इस बार 200 से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें भोजपुरी और मैथिली भाषाओं में प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

छठ पर्व के दौरान श्रद्धालु स्वच्छ जल में अर्घ्य अर्पित कर सकें, इसके लिए आज से विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। सांसद, विधायक और पार्षद अपने-अपने इलाके के घाटों का दौरा करेंगे और सफाई कार्य की निगरानी करेंगे।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि साल 2021 में यमुना घाट पर छठ मनाने वालों पर आईपीसी की धारा 188 के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन अब उनकी सरकार उन सभी मामलों को वापस लेगी। उन्होंने कहा, “पिछली सरकारों द्वारा यमुना घाट पर छठ मनाने वालों के खिलाफ जो एफआईआर या केस दर्ज किए गए थे, उन्हें हमारी सरकार वापस लेगी।”

इसके अलावा, दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जा रहा है। सीएम ने बताया कि दीपावली के अगले दिन एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बेहतर हुआ है और पहले की तुलना में प्रदूषण का स्तर घटा है। पटाखों की अनुमति होने के बावजूद वायु गुणवत्ता में सुधार देखा गया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.